हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने पहली बार 100 करोड़ रुपये से अधिक का ऐतिहासिक लाभ दर्ज किया है, जो वर्तमान राज्य सरकार की ओर से किए गए ईमानदार प्रयासों का परिणाम है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को एचपीटीडीसी और पर्यटन विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने राज्य में प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के बावजूद पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल के 78 करोड़ रुपये के वार्षिक कारोबार को वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में 107 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया है। यह उपलब्धि प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों और रेस्तरां के प्रभावी प्रबंधन, नियमित रखरखाव और संपत्तियों के इष्टतम उपयोग के कारण हासिल हुई है।