शारदीय नवरात्र के लिए राजधानी शिमला में देवी मंदिर फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाए गए हैं। मंदिरों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए सुबह 6 से रात 10:00 बजे तक खुले रहेंगे। राजधानी के तारादेवी, कालीबाड़ी और ढिंगू माता मंदिर संजौली में नौ दिन मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होगी। पहले दिन मां भगवती के शैलपुत्री रूप की पूजा होगी। नवरात्र में तारादेवी मंदिर के कपाट सुबह 4:30 बजे खोले गए। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित कमलेश चंद्रा की अध्यक्षता में पंडित अनिल कुमार, पंडित मोहन दत्त, सुरेंद्र शास्त्री, इंद्र शास्त्री, संजय, विनोद नौ दिन अखंड चंडी पाठ करेंगे। मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 से 25 पुलिस जवान और 10 होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। नवरात्र पर नौ दिन मंदिर में भंडारा लगाया जाएगा। कालीबाड़ी मंदिर में सुबह से माता के दर्शन करने के लिए लंबी लाइनें लगी रहीं।