यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से मंगलवार को डीसी कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। इसमें सार्वजनिक, निजी, विदेशी, क्षेत्रीय ग्रामीण व सहकारी बैंक के कर्मचारी शामिल रहे। इनका कहना है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियस लंबे समय से बैंकिंग क्षेत्र में सप्ताह में पांच दिवसीय कार्य लागू करने की मांग करता रहा है। इनका कहना है कि 2015 में हुए 10वें द्विपक्षीय समझौते और 7वें जॉइंट नोट में आईबीए और सरकार की ओर से यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहेंगे जबकि अन्य शनिवार पूर्ण कार्य दिवस होंगे। उस समय यह आश्वासन दिया गया था कि शेष सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की हमारी मांग पर विचार किया जाएगा, लेकिन यह विषय लंबित ही रखा गया। इस ठोस आश्वासन के बावजूद अब तक सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान नहीं की गई।