फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alwar News: साले को अगवा कर नाराज जीजा ने की मारपीट, मामला दर्ज कराने पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई

Mon, 17 Feb 2025 11:19 PM IST
अलवर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

जिले के अकबरपुर क्षेत्र में एक युवक ने अपने साले का अपहरण कर उसे जंगल में ले जाकर डंडों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित युवक ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने एसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है।

अकबरपुर क्षेत्र के नरेंद्र ने बताया कि उसकी बहन की शादी ढहलावास निवासी कमल मीणा से 2016 में हुई थी। शादी के बाद से कमल ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी थी। इसके कारण उसकी बहन काफी समय तक अपने मायके में रही। हालांकि पंचायत के निर्णय पर वह वापस अपने पति के पास रहने चली गई लेकिन कमल के शराब पीने के बाद फिर से उसकी पत्नी के साथ मारपीट और गलत व्यवहार शुरू हो गया। परेशान होकर पीड़िता अपने मायके वापस आ गई।

इस पर नाराज कमल ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक शादी समारोह से नरेंद्र का अपहरण कर लिया और उसे बाइक पर बैठाकर जंगलों में ले गया, जहां आरोपियों ने डंडों से उसकी पिटाई की। इस दौरान आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो को देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

नरेंद्र ने इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने मामले पर कोई गंभीर ध्यान नहीं दिया। इस पर परेशान होकर नरेंद्र ने एसपी ऑफिस पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के आदेश के बाद अकबरपुर थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की और आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ ही घंटों में उन्हें जमानत भी मिल गई।

जमानत मिलने के बाद कमल ने नरेंद्र और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि कमल ने उसे धमकी भरे मैसेज भेजे, जिनमें उसने कहा कि पुलिस भी उसका कुछ नहीं कर सकती है। इसके बाद नरेंद्र और उसका परिवार फिर से एसपी ऑफिस पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों का पक्ष ले रही है और उसकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें