जयंती की राव नदी में अचानक आया तेज पानी, पिकअप समेत भैंस बह22 अगस्त शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे शिवालिक की पहाड़ियों में बसे गांव भगिंडी के पास जयंती की राव नदी में अचानक तेज पानी आने से दर्दनाक हादसा हो गया। नदी पार करते समय एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी का पिछला पहिया रेत में फंस गया। गाड़ी में एक भैंस भी लदी हुई थी। मनीमाजरा, चंडीगढ़ निवासी पिकअप चालक हरविंदर सिंह ने बताया कि सुबह नदी में पानी सामान्य था। वह भैंस को पिकअप में लादकर नदी पार कर रहा था। इसी दौरान गाड़ी का पिछला पहिया रेत में धंस गया। वह गाड़ी को निकालने का प्रयास कर ही रहा था कि अचानक पहाड़ों की ओर से नदी में तेज बहाव आ गया। देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि पिकअप गाड़ी और उसमें लदी भैंस पानी में बहने लगी। पानी के तेज बहाव में गाड़ी कई बार पलटी और काफी दूर जाकर रुकी। हरविंदर सिंह ने किसी तरह गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं, राजपुरा के गांव घगशाल निवासी गुरबचन सिंह ने बताया कि उसने भगिंडी गांव से अपने रोजी-रोटी और घर में दूध आदि के लिए भैंस खरीदी थी और उसे अपने घर ले जा रहा था। अचानक नदी में आए तेज पानी के कारण भैंस पिकअप समेत बह गई। हादसे के बाद से खबर लिखे जाने तक भैंस का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। घटना ने इलाके के लोगों को चिंता में डाल दिया है। आसपास के गांव वाले लोगों ने आरोप लगाया सरकार की अनदेखी के चलते यहां के गांव वालों को बरसात के दिनों में भारी नुकसान उठाना पड़ता है और इस प्रकार की घटनाएं घट जाती हैं। आज तक प्रशासन और सरकार ने इन गांव की कोई शुद्ध नहीं ली न ही बरसाती नदियों पर कोई पुल बनाए जिससे लोगों को आने-जाने में आसानी हो। इसलिए सरकार और प्रशासन से मांग है जल्द से जल्द इन बरसाती नदियों पर पुल बनाएं जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर विराम लगाया जा सके।