जालंधर में शाहपुर स्थित सीटी इंस्टीट्यूट के हॉस्टल परिसर में 20 अगस्त को छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प का नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हॉस्टल की इमारतों पर पथराव, टूटे शीशे और छात्रों के हाथों में बैट व डंडे दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना में 5 से 6 छात्र घायल हुए हैं। बिहार निवासी कुछ छात्रों ने आरोप लगाया है कि उन पर कश्मीरी छात्रों के एक समूह ने हमला किया। पीड़ितों का दावा है कि कथित तौर पर उनकी धार्मिक पहचान पूछकर मारपीट की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। वायरल वीडियो में हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है। कई खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूटे हुए दिखाई दे रहे हैं। एक घायल छात्र के सिर पर चोट लगी हुई है, जबकि दूसरे छात्र ने पैर में गंभीर चोट लगने का दावा किया है। घटना के बाद कैंपस में तनाव और छात्रों में डर का माहौल बताया जा रहा है। अभी थाना सदर पुलिस की ओर से मामले में किसी औपचारिक कानूनी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जांच के बाद ही झड़प के वास्तविक कारण और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।