जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित भोगपुर थाना क्षेत्र के गांव पचरंगा में देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार प्रवासी भारतीय (एन आर आई) मदन लाल के घर के बाहर मोटरसाइकिल पर सवार हेलमेट पहने दो अज्ञात युवकों ने पहुंचकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह घटना किसी लड़की से जुड़े विवाद के कारण हुई हो सकती है। पूरी वारदात 23 अप्रैल सुबह करीब 3:29 बजे की है, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से गोलियों के खोखे भी बरामद हुए हैं। इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।