इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर वरिंदर घुम्मन की 9 अक्टूबर 2025 को फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल में सर्जरी के दौरान हुई मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमृतसर पुलिस ने चार डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मृतक के भाई रब्बी ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवार को लंबे समय से निष्पक्ष जांच का इंतजार था और अब मामला दर्ज होने से उम्मीद जगी है कि सच्चाई पूरी तरह सामने आएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं तथा दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। एफआईआर में फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल के आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. तपिश शुक्ला, कंसल्टेंट एनेस्थीसिया डॉ. अलका तिवाड़ी, एनेस्थीसिया विभाग की हेड डॉ. राजेंद्र कौर और कार्डियोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. अरुण कुमार चोपड़ा के नाम शामिल हैं। परिवार का कहना है कि आगे चलकर ओटी स्टाफ और अन्य जिम्मेदार कर्मियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। रब्बी ने आरोप लगाया कि अक्सर बॉडी बिल्डरों की मौत को हार्ट अटैक का टैग देकर मामला दबा दिया जाता है, जबकि उनका भाई फिटनेस और हेल्थ अवेयरनेस का प्रतीक था। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति क्विंटल से ज्यादा वजन उठाता था, उसकी अचानक सर्जरी के दौरान मौत कैसे हो गई।परिवार ने दावा किया कि उनके पास कई अहम सबूत हैं, जिन्हें समय आने पर सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इंसाफ भले देर से मिले, लेकिन पूरा मिलना चाहिए। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि पुलिस जांच जारी है।