जालंधर में बुधवार सुबह करीब 6 बजे शहीद बाबू लाभ सिंह नगर इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार करीब 25 राउंड गोलियां चलाई गई हैं। अमरजीत नाम के युवक निहंग बाने में आए साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और फायरिंग कर दी। राहुल नाम के युवक के पेट में गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में सत्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यह हमला कुछ समय पहले मकसूदां मंडी में सत्ता नामक युवक की हत्या के मामले से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि हमलावरों ने बदले की नीयत से राहुल, गुल्ली और उनके साथियों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों समेत मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।