अमृतसर जिला शहरी पुलिस ने 30 किलो हेरोइन बरामदगी मामले की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किशोर सहित दो और आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में 5.041 किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन भी बरामद की है। इसके साथ ही इस मामले में बरामद कुल हेरोइन की मात्रा 35 किलोग्राम से अधिक हो गई है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के छेहरटा निवासी अभिषेक उर्फ अभि उर्फ भिंडी (25) और एक किशोर के रूप में हुई है। अभिषेक के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, स्नैचिंग और मारपीट से संबंधित मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले पुलिस ने गौतम, कबीर उर्फ काकू, समीर उर्फ सभरवाल, गुरप्रीत उर्फ कीड़ा और दो किशोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी दुबई में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से आने वाली हेरोइन की खेपों की आपूर्ति कराने में भूमिका निभा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान, वित्तीय लेन-देन और संभावित हवाला कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले की जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी कबीर उर्फ काकू के कब्जे से 2.006 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। उसकी निशानदेही पर उसके दो सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को मॉड्यूल से जुड़े वंशदीप सिंह के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया। उसकी एक्टिवा स्कूटर की तलाशी लेने पर 3.035 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। जांच में पता चला है कि वंशदीप सिंह वंश 2025 में केंद्रीय जेल अमृतसर से जमानत पर रिहा हुआ था। डॉक्टर किनार से फिट घोषित किए जाने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के अनुसार दुबई स्थित तस्कर आरोपियों को हेरोइन की खेप ड्रॉप लोकेशन पर भेजता था। आरोपी अपने साथियों के साथ तय स्थानों से खेप उठाकर आगे विभिन्न लोगों तक पहुंचाते थे। इस संबंध में थाना छेहरटा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।