पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने जमीनी स्तर पर अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करनी शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को कोटकपूरा विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक एवं हलका इंचार्ज मनतार सिंह बराड़ के नेतृत्व में यूथ मिलनी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने विशेष रूप से शिरकत कर युवा कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। बैठक में अकाली नेताओं का मुख्य जोर युवाओं को पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाने और गांव-गांव तक संगठन मजबूत करने पर रहा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अकाली दल के शासनकाल में हुए विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाने तथा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाने का आह्वान किया। सरबजीत सिंह झिंजर ने पत्रकारों से बातचीत में मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बदलाव के नाम पर सत्ता में आई सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने युद्ध नशों विरुद्ध अभियान की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और मानसा के परमिंदर झोटा मामले का जिक्र किया। झिंजर ने दावा किया कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी 2027 में अकाली दल की मजबूती का संकेत है। वहीं मनतार सिंह बराड़ ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।