पुष्पा गुजराल साइंस सिटी की ओर से इंजीनियर दिवस के अवसर पर पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्रों के लिए एक रोबोटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें पंजाब भर के विभिन्न इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों के 100 से अधिक छात्रों ने भाग लिया और अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार तथा टीम भावना का प्रदर्शन किया।इंजीनियर दिवस हर वर्ष 15 सितंबर को भारत के प्रसिद्ध इंजीनियर और भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर उनकी याद में मनाया जाता है। इस मौके पर पुष्पा गुजराल साइंस सिटी के डायरेक्टर डॉ. राजेश ग्रोवर ने कहा कि रोबोट आज के आधुनिक समाज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि रोबोट अपने आप होने वाले कामों में मदद करते हैं, काम की क्षमता बढ़ाते हैं और खतरनाक काम करने वाले लोगों की सुरक्षा में भी मददगार हैं। रोबोटिक्स के क्षेत्र ने युवाओं के लिए इंजीनियरिंग, तकनीक और नए आविष्कारों में करियर बनाने के नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने और समय के साथ विकसित हो रही नई-नई तकनीकों से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने निर्माण कार्यों, स्वास्थ्य सेवा, अंतरिक्ष तकनीक, कृषि और अन्य क्षेत्रों में रोबोटिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। रोबोटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने वाले तकनीकी कॉलेजों के विद्यार्थियों और शिक्षकों का धन्यवाद करते हुए पुष्पा गुजराल साइंस सिटी के डिप्टी डायरेक्टर इंजीनियर रितेश पाठक ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हर साल अलग-अलग चुनौतियों के माध्यम से रोबोट के संचालन और डिजाइन के साथ-साथ उनके द्वारा तैयार किए गए रोबोटों की क्षमता को परखने का अवसर दिया जाता है।