पठानकोट में न्यू चक्की पुल के पास गत रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की ट्रक के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रमन कुमार निवासी गांव रमदास, जिला अमृतसर के रूप में हुई है। वह एक्साइज विभाग में ठेके पर कार्यरत था। मृतक के परिजनों ने बताया कि रमन कुमार हिमाचल प्रदेश की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहा था। इसी दौरान रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही थार गाड़ी ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गया और ट्रक के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इंसाफ की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि इतना बड़ा हादसा मुख्य चौक के पास होने के बावजूद उन्हें अब तक उचित कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि हादसे में शामिल थार गाड़ी और उसके चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मृतक के परिजनों ने बताया कि रमन कुमार के परिवार में उसकी पत्नी, तीन साल का छोटा बेटा और दो बेटियां है। परिवार के लिए यह हादसा कभी न भरने वाला दुख है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दूसरी तरफ मौके पर पहुंचे थाना डिवीजन नंबर 2 के पुलिस अधिकारियों ने शव और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। ऐसे में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और ट्रक चालक को काबू कर केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।