गोइंदवाल साहिब रोड पर गांव उच्चा के निकट कार और कंबाइन के बीच हुई टक्कर में तीन महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, घायल एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। परिवार के लोग अपने किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर गोइंदवाल साहिब से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जब उनकी कार गांव उच्चा के पास पहुंची तो उसकी कंबाइन से टक्कर हो गई। हादसे में परमजीत कौर पत्नी उपकार सिंह निवासी आदर्श नगर, जालंधर, सिमरनजीत कौर पत्नी जरनैल सिंह, मनजीत कौर पत्नी पलविंदर सिंह और जरनैल सिंह निवासी गांव निक्की मियाणी, बेगोवाल घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती करवाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. जशन ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दे दी गई है।