स्थानीय प्राचीन श्री दुर्गा मंदिर देव स्थान से शनिवार को सावन माह के पावन अवसर पर माता रानी के झंडों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में शहर की सभी भजन मंडलियों, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने माता रानी के झंडे लेकर श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सावन माह की शुभकामनाएं देते हुए पंजाब की खुशहाली, अमन-शांति और समृद्धि की कामना की। हर वर्ष की तरह इस बार भी शोभायात्रा की शुरुआत श्री दुर्गा मंदिर देव स्थान से हुई। यात्रा शहर के विभिन्न इलाकों से होकर पुनः मंदिर परिसर में संपन्न होगी। मार्ग में जगह-जगह सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा में बैंड-बाजों की मधुर धुनें, आकर्षक धार्मिक झांकियां और भजन गायकों की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी धार्मिक, सामाजिक और सेवा संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि सभी धर्मों के आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं और पंजाबी मिलजुल कर उत्सव मनाकर आपसी भाईचारे का संदेश देते है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन प्रदेश में अमन-शांति और सामाजिक एकता को और मजबूत करते हैं। उन्होंने मंदिर प्रबंधकों को सफल आयोजन की बधाई देते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया।