फगवाड़ा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। सड़क पर खड़ी कार अचानक गायब हो गई। लगभग एक घंटे बाद कार वहीं बरामद हुई, जहां से कार गायब हुई थी। कार मालिक राजन पाल फगवाड़ा के जीटी रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच में चैक जमा करवाने के लिए आया था। बैंक के बाहर वाहनों की भीड़ के कारण उसने अपनी कार बैंक से थोड़ी दूर सड़क किनारे खड़ी कर दी। पांच मिनट बाद जब वह वापिस आया तो उसकी कार वहां से गायब थी। वहीं खड़ी एक महिला ने बताया कि यहां जो कार खड़ी थी उसे एक बुजुर्ग व्यक्ति और महिला लेकर गए हैं। राजन पाल ने यह सोच कर कि उसकी कार चोरी हो गई है वहां मीडिया को बुला लिया और बताया कि उसकी कार की चाबी उसी के पास है, फिर भी कार चोरी हो गई। राजन कार चोरी की शिकायत लिखवाने के लिए पुलिस के पास पहुंचा। इतने में उसे किसी ने फोन पर सूचना दी कि उसकी कार वहीं खड़ी है, जहां वह खुद खड़ी करके गया था। उसने तुरंत जा कर अपनी कार वहां से ली और राहत की सांस ली। दिन भर इस घटना की फगवाड़ा में खूब चर्चा रही।