छावनी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा सारागढ़ी में 12 सितंबर को सारागढ़ी युद्ध के शहीदों की याद में राज्य स्तरीय समागम श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। समागम को लेकर गुरुद्वारा साहिब में शहीदों की स्मृति में श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ करवाया गया है। डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सारागढ़ी दिवस पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सारागढ़ी युद्ध के शहीदों को समर्पित धार्मिक समागम में भारतीय सेना के अधिकारी, सिविल व पुलिस अधिकारी, शहीदों के परिवारों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता के अवसर पर तहसीलदार हरिंदरपाल सिंह ने अरदास में हाजिरी लगाई। उन्होंने बताया कि अखंड पाठ साहिब का आरंभ 10 सितंबर को हुआ है और 12 सितंबर को भोग डाला जाएगा। इस दौरान सारागढ़ी के वीर शहीदों को श्रद्धा के फूल भेंट किए जाएंगे।