अमृतसर जिले के मजीठा और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने किसानों की हालत खराब कर दी है। किसानों की छह महीने की मेहनत से तैयार गेहूं की फसल खेतों में गिरकर बर्बाद हो गई। किसान नेता गुरदेव सिंह गुरपाल ने बताया कि पहले गर्मी और कीटों के हमले से फसल कमजोर हुई, फिर बारिश और ओलावृष्टि ने बची-खुची फसल भी खत्म कर दी। किसानों के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 से 100 फीसदी तक नुकसान हुआ है। फसल गिरने से कटाई लागत बढ़ने के साथ बाजार में दाम भी कम मिलेंगे, जिससे किसानों पर दोहरी मार पड़ी है। किसानों को बैसाखी पर कटाई से राहत की उम्मीद थी, लेकिन मौसम ने उम्मीदें तोड़ दीं। उन्होंने सरकार से 70 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने और जल्द सर्वे कराने की मांग की है।