किसान मजदूर संघर्ष समिति पंजाब की जिला अमृतसर इकाई के तीन जोनों की कोर कमेटियों की बैठक शुक्रवार को चोगावां जोन में जिला नेता सचिव सिंह कोटला और जिला नेता लखविंदर सिंह डाला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए 11 अगस्त से डीएसपी राजासांसी (चोगावां) कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का फैसला लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए लोपोके जोन के प्रधान गुरलाल सिंह कक्कड़, चोगावां जोन के प्रधान सरनपाल सिंह बच्चीविंड और रामतीर्थ जोन के प्रधान नरेंद्र सिंह भिट्टेवड़ ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि कई मामलों में बेवजह केस दर्ज किए गए हैं, जबकि उचित मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही। नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार, चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता जताई। बैठक में धरने की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई और गांव-गांव जाकर लोगों को आंदोलन से जोड़ने का निर्णय लिया गया। समिति ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रत्येक गांव में बैठकें और विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। साथ ही सरकार और सोनिया मान द्वारा किसानों और मजदूरों के संघर्ष पर की गई टिप्पणियों के विरोध में गांव स्तर पर प्रदर्शन कर सरकार और सोनिया मान के पुतले भी फूंके जाएंगे। बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 11 अगस्त से शुरू होने वाले अनिश्चितकालीन धरने को पूरी ताकत से सफल बनाने का संकल्प लिया। इसमें कुलजीत सिंह काले घुन्नूपुर, हरजीत सिंह सहूरां, कुलबीर सिंह लोपोके, जसमीत सिंह राणियां, प्रगट सिंह चोगावां, अवतार बावा, सुखजिंदर सिंह लोपोके, गुरप्रताप सिंह कक्कड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।