जंडियाला गुरु के वैरोवाल रोड पर एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है। देर रात अज्ञात युवकों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर के मुख्य दरवाजे पर गोलियां लगने से परिवार सहम गया। जानकारी के अनुसार, कुलवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी जंडियाला गुरु के घर के बाहर देर रात अज्ञात हमलावरों ने करीब तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है, हालांकि कुछ समय पहले उन्हें फिरौती की कॉल जरूर आई थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। चौकी प्रभारी गुरपाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान तीन गोलियां चलाए जाने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।