फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर पंजाब सरकार की पहल, 50 प्रचार वैन से दिखाई जाएगी डॉक्यूमेंट्री

Nivedita Updated Wed, 08 Jul 2026 11:19 AM IST

श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब सरकार ने उनके जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 50 प्रचार वैन के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। इसकी शुरुआत मंगलवार को अमृतसर से हुई, जहां लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय से प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार ने गुरु रविदास महाराज के समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह डॉक्यूमेंट्री तैयार करवाई है। उन्होंने बताया कि यह डॉक्यूमेंट्री पंजाब के गांवों और शहरों में दिखाई जाएगी, ताकि युवा पीढ़ी गुरु रविदास महाराज के जीवन और विचारों से प्रेरणा ले सके। उन्होंने बताया कि 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में साढ़े छह लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा अमृतसर में मैराथन, साइकिल रैली और ड्रोन शो सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में अमृतसर में विशाल कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया था और आने वाले दिनों में जम्मू से एक विशाल नगर कीर्तन भी निकाला जाएगा, जो अमृतसर से होकर आगे जाएगा। मंत्री ने बताया कि प्रचार वैन विभिन्न जिलों, कस्बों और गांवों में पहुंचकर करीब आधे घंटे की डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन करेंगी। अभियान के पहले दिन अमृतसर, बाबा बकाला साहिब और अजनाला सहित कई क्षेत्रों में इसकी शुरुआत की गई। सरकार का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के आदर्शों, उनकी शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें