आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने मंगलवार को अजनाला क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा तौल एवं माप विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पेट्रोल के नमूने लेकर उसमें एथेनॉल की मात्रा की जांच के लिए सैंपल एकत्र किए। धालीवाल ने कहा कि पिछले कुछ समय से वाहन चालकों की ओर से एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों में तकनीकी खराबी आने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया गया है ताकि पेट्रोल की गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। धालीवाल ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने की भी मांग की और कहा कि आम जनता पर बढ़ती महंगाई का बोझ कम किया जाना चाहिए।