महान क्रांतिकारी शहीद मदन लाल ढींगरा के शहीदी दिवस के अवसर पर अमृतसर के गोल बाग में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ समेत विभिन्न विधायकों और अन्य गणमान्य लोगों ने भी मदन लाल ढींगरा को नमन किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों को याद करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके सपनों का देश बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अमृतसर जैसे शहीदों की धरती पर मदन लाल ढींगरा की याद में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होना गर्व की बात है। हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि देश की आजादी के लिए मदन लाल ढींगरा का बलिदान बेहद महान था। पंजाब को गर्व है कि आजादी के आंदोलन में पंजाबियों ने बड़ी कुर्बानियां दीं। केंद्रीय हलके के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि मदन लाल ढींगरा संपन्न परिवार से थे और उनके पिता सिविल सर्जन थे। वह चाहते तो आरामदायक जीवन जी सकते थे, लेकिन उन्होंने देश की आजादी को सबसे ऊपर रखा। महज 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने लंदन में देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। विधायका जीवनजोत कौर ने कहा कि युवाओं को मदन लाल ढींगरा के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों से प्रेरणा लेकर हमें ऐसा चरित्र और समाज बनाना चाहिए, जिस पर देश को गर्व हो।