श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व पर देश-विदेश की समस्त संगत और नानक नाम लेवा श्रद्धालुओं को लाख-लाख बधाई दी। उन्होंने कहा कि दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने तख्त श्री हजूर साहिब की पवित्र धरती पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को गुरुगद्दी सौंपकर सिख पंथ को शाश्वत गुरु प्रदान किया था। जत्थेदार गड़गज्ज ने संगत से अपील की कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को ही अपना गुरु मानते हुए हमेशा गुरबाणी का ओट-आसरा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार किसी मंदिर को थंभ सहारा देता है, उसी प्रकार गुरु का शब्द मन को स्थिरता प्रदान करता है। गुरु शब्द ही मनुष्य के जीवन का वास्तविक आधार है। प्रत्येक परिवार को अपने घरों में गुरबाणी का पाठ करना चाहिए और गुरु साहिब की शिक्षाओं के अनुसार जीवन व्यतीत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में मन की चिंताओं और भटकाव से मुक्ति पाने का रास्ता गुरबाणी में ही है। 'धुर की बाणी आई, तिनि सगली चिंत मिटाई' का संदेश जीवन में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी देहधारी को गुरु नहीं मानना चाहिए। दस गुरु साहिबान की ज्योति, भक्त साहिबान और गुरसिखों की बाणी के प्रकाश स्वरूप श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी ही सिखों के शाश्वत गुरु हैं। इसलिए सभी को गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष नतमस्तक होकर उनकी शिक्षाओं पर चलना चाहिए।