बरसात के मौसम के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने संभावित बीमारियों और आपात स्थितियों से निपटने के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सिविल सर्जन डॉ. रश्मि विज ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है। आवश्यक दवाओं, ओआरएस, क्लोरीन की गोलियों और अन्य जरूरी चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त भंडार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर तुरंत मेडिकल टीमें भेजी जाएंगी। जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल साफ और उबला हुआ पानी पीएं, घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और बुखार, दस्त या उल्टी जैसी शिकायत होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। डॉ. रश्मि विज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।