फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रावी नदी के बांधों की बदहाल स्थिति पर पूर्व विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला ने सरकार को घेरा

Nivedita Updated Wed, 08 Jul 2026 02:19 PM IST

अजनाला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला ने रावी नदी के किनारे बने बांधों और स्परों की बदहाल स्थिति को लेकर पंजाब सरकार और सिंचाई विभाग पर सवाल उठाए हैं। नदी किनारे का दौरा करने के बाद उन्होंने दावा किया कि जिन स्थानों पर पहले बाढ़ से नुकसान हुआ था, वहां आज तक स्थायी मरम्मत और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। हरप्रताप सिंह अजनाला ने कहा कि कई स्थानों पर स्पर और बांध तीन बार बाढ़ की मार झेल चुके हैं। उनके अनुसार पहले लगाए गए पत्थर और सुरक्षा कार्य तेज बहाव में बह गए, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक न तो उनकी मरम्मत कराई और न ही नए स्पर बनाए। उन्होंने दावा किया कि रावी नदी पहले ही काफी कृषि भूमि को अपने साथ बहा ले गई है और कई स्थानों पर बांधों में दरारें पड़ चुकी हैं। पूर्व विधायक ने रणजीत सागर डैम के संचालन पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्धारित मैनुअल के अनुसार बारिश से पहले जलस्तर कम नहीं किया गया। उनका कहना था कि यदि समय रहते जल प्रबंधन किया जाता तो बाढ़ की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता था। उन्होंने रावी नदी से सटे गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन को कागजी बैठकों तक सीमित रहने के बजाय मौके पर जाकर हालात का जायजा लेना चाहिए। साथ ही नदी, नालों और ड्रेनों की समय रहते सफाई, कमजोर बांधों को मजबूत करने तथा बाढ़ प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। हरप्रताप सिंह अजनाला ने चेतावनी दी कि यदि मानसून से पहले आवश्यक प्रबंध नहीं किए गए तो सीमावर्ती क्षेत्र के कई गांवों को फिर से बाढ़ के खतरे का सामना करना पड़ सकता है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें