खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार तड़के एक गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने दूध और दूध से बने उत्पादों की जांच की तथा घी और पनीर के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए। जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में अमृतसर में यह कार्रवाई की गई। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में रखे खाद्य उत्पादों की बारीकी से जांच की गई। संदेह के आधार पर घी और पनीर के नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी राजिंदर सिंह ने कहा कि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।