अटारी सीमा स्थित जेसीपी स्टेडियम में रविवार शाम देशभक्ति और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध संगीतकार एआर रहमान ने ‘मां तुझे सलाम’ और ‘जय हो’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर हजारों दर्शकों को भावुक कर दिया। उनके मंच पर पहुंचते ही पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। भारत-पाकिस्तान सीमा पर आयोजित बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान एआर रहमान ने पहली बार लाइव प्रस्तुति दी। फिल्म मैं वापस आऊंगा की टीम की ओर से आयोजित ‘जय हो- ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ कार्यक्रम देश के वीर जवानों और उनकी सेवाओं को समर्पित रहा। कार्यक्रम में बीएसएफ अधिकारी, जवान, स्थानीय लोग और देशभर से पहुंचे दर्शक शामिल हुए। रहमान के गीतों ने न केवल लोगों के दिलों को छुआ बल्कि सीमा पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को भी मजबूत किया।