अमृतसर के गांव बलग्गण में राजनीतिक रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। एक परिवार ने गांव के मौजूदा सरपंच और उसके साथियों पर घर में घुसकर हमला करने, महिलाओं के साथ गाली-गलौज करने और तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर करीब 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पीड़ित परिवार के अनुसार, वे पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए थे, लेकिन बाद में शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए। इसी बात को लेकर मौजूदा सरपंच के साथ उनकी राजनीतिक रंजिश चल रही थी। परिवार का आरोप है कि हरसिमरत कौर बादल के नेतृत्व में रामतीर्थ में आयोजित अकाली दल की रैली से लौटने के बाद सरपंच अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और कथित तौर पर हमला कर दिया। परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास बेसबॉल बैट, लाठियां, दातर और कृपाण थीं। इस दौरान महिलाओं के साथ गाली-गलौज की गई और पति को घर से घसीटकर पीटा गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर डीएसपी राजासांसी और थाना लोपोके की पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि इंसाफ नहीं मिलने पर भंडारी पुल पर धरना दिया जाएगा। वहीं, संबंधित पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।