पंजाब में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच अमृतसर सेंट्रल से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने हड़ताली कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील है और विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के साथ लगातार बातचीत कर रही है। उनका दावा है कि अधिकांश यूनियनें सरकार के प्रस्ताव से सहमत हो चुकी हैं और केवल कुछ मांगों पर चर्चा जारी है। निज्जर ने कहा कि सरकार ने सफाई कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली हैं। इसके तहत तीन वर्ष से आउटसोर्स पर कार्यरत कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर लाया जाएगा, जबकि पांच वर्ष से कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। इसके अलावा कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों का वेतन 10,500 रुपये से बढ़ाकर 20,520 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले भी बिजली कर्मचारियों, मनरेगा कर्मियों और मोहल्ला क्लीनिक कर्मचारियों के मुद्दे बातचीत के जरिए सुलझा चुकी है और सफाई कर्मचारियों का मामला भी जल्द हल होने की उम्मीद है। अकाल तख्त साहिब की ओर से सिख सम्मान (सत्कार) कानून को लेकर दिए गए बयान पर निज्जर ने कहा कि इस विषय पर अंतिम निर्णय सरकार को लेना है, लेकिन उनका प्रयास है कि सभी पक्षों की सहमति से समाधान निकले। मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अकाल तख्त साहिब का सम्मान सभी के लिए सर्वोपरि है और वह इस मुद्दे पर कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं करना चाहते। वहीं, वाल्मीकि संगठनों द्वारा घोषित 'रेल रोको' आंदोलन पर उन्होंने कहा कि सरकार की यूनियनों के साथ बातचीत जारी है और उन्हें विश्वास है कि संवाद के माध्यम से आंदोलन टाल लिया जाएगा।