आम आदमी पार्टी की ओर से अजनाला विधानसभा हलके से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कुलदीप सिंह धालीवाल शनिवार को सचखंड श्री दरबार साहिब में नतमस्तक हुए। उन्होंने गुरु रामदास जी के दरबार में माथा टेककर पंजाब की खुशहाली और चढ़दी कला के लिए अरदास की। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए धालीवाल ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, मनीष सिसोदिया, हरपाल सिंह चीमा और समूची पार्टी लीडरशिप ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है। पार्टी की ओर से जारी 40 उम्मीदवारों की सूची में उन्हें अजनाला से चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए अजनाला सीट जीतकर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की झोली में डालेंगे। धालीवाल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी इस बार पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए पंजाब में 100 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल के दौरान हलके में कई विकास कार्य करवाए गए हैं, जबकि शेष कार्यों को अगली सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली दल लगभग खत्म हो चुका है और भाजपा का कोई खास वजूद नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार वह 7,800 वोटों के अंतर से जीते थे, लेकिन इस बार विकास कार्यों के आधार पर 25 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के रंगला पंजाब के सपने को साकार करने के लिए पानी, नशे और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर काम जारी रहेगा।