कनाडा के ओंटारियो प्रांत में प्रवासी भारतीय से जुड़े एक मामले ने चिंता बढ़ा दी है। अमृतसर मूल के युवक हरप्रीत सिंह के घर और उसकी गाड़ियों को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया ओर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी । घटना के समय युवक घर के अंदर मौजूद था। जानकारी के अनुसार हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों में आग लगाने की कोशिश की। इनमें से दो वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग तेजी से फैली, लेकिन समय रहते उस पर काबू पा लिया गया, जिससे घर को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। घटना का एक गंभीर पहलू यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने घर की दीवार पर गो बैक जैसे नारे लिखे। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध आग लगाते समय झुलसता हुआ भी दिखाई दे रहा है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।