जंडियाला गुरु में देर रात फायरिंग की घटना सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक कुछ अज्ञात युवकों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 10 से 12 राउंड फायर किए। गोलियां घर के गेट पर लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूत्रों के अनुसार यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इलाके में नगर काउंसिल चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुरिंदर सिंह सोनू को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। उनके मुताबिक उन्हें फोन पर चुनाव न लड़ने की धमकी दी गई थी और उनकी गाड़ी पर भी हमला किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा दी थी। ताजा घटना में चार मोटरसाइकिल सवार युवक घर के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। इस दौरान रविंदर पाल सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे चार युवकों ने फायरिंग की। दोनों गेटों पर गोलियों के करीब नौ निशान मिले हैं, जिनमें कुछ हवाई फायर भी शामिल हैं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही सीआईए और स्थानीय टीमों को जांच में लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।