अमृतसर के बटाला रोड क्षेत्र में 40 वर्षीय ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कमल किशोर सैनी के रूप में हुई है, जो अभिमन्यु कॉलोनी का निवासी था। मृतक के भाई विजय कुमार सैनी के अनुसार, कमल बीती रात से घर नहीं लौटा था। परिवार ने कई बार फोन किया, लेकिन उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। सुबह एक राहगीर ने सूचना दी कि अजीत नगर इलाके में कमल का ऑटो खड़ा है। मौके पर पहुंचने पर परिवार ने देखा कि ऑटो के पिछले हिस्से में कमल का खून से लथपथ शव पड़ा था। परिवार के मुताबिक, कमल के सिर पर गहरी चोटों के निशान थे और पास में खून से सनी ईंटें भी मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने सिर पर ईंटें मारकर उसकी हत्या की है। कमल किशोर शादीशुदा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस खाली प्लॉट में यह वारदात हुई, वहां पिछले एक साल में चार शव मिल चुके हैं। लोगों के अनुसार यह जगह नशेड़ियों का अड्डा बन चुकी है और आसपास चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।