नरवल तहसील में शुक्रवार से जनगणना 2026 का शुभारंभ हो गया। उपजिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा ने इसे राष्ट्रहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए सभी सुपरवाइजर और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि जनगणना के दौरान कर्मचारी समय से अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर सुबह और शाम लगातार कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि सभी प्रगणक आमजनमानस को सही जानकारी दें और नागरिकों से सहयोग प्राप्त करें, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना का डाटा मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन फीड किया जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए कर्मचारियों को सुबह और शाम के समय घर-घर जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने आमजनमानस से अपील की कि जब भी प्रगणक उनके घर पहुंचे तो उन्हें सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके। प्रशासन ने सफल जनगणना अभियान के लिए सभी कर्मचारियों और नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा जताई है।