बैरागी कैंप क्षेत्र में कथित तौर पर भाजपा नेता की गाड़ी की चपेट में आने से तीन गायों की मौत के मामले में शनिवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी शिशुपाल नेगी से मुलाकात की। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने घटना पर चिंता जताते हुए निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि तीन गोवंश की मौत की घटना गंभीर है और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी राजनीतिक प्रभाव या दबाव में कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्रवाई में देरी होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आंदोलन की चेतावनी दी। ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि जांच में वाहन चालक की लापरवाही या तेज गति की पुष्टि होने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।