फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रतलाम: चप्पल के दाम पर विवाद, शाम को साथियों संग पहुंचकर दुकानदार पर हमला; सैलाना में व्यापारियों का प्रदर्शन

Wed, 21 Oct 2026 03:47 PM IST
रतलाम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम

रतलाम जिले के सैलाना नगर में जूते-चप्पल की दुकान पर दाम को लेकर हुए विवाद के बाद दुकानदार और उसके परिजनों के साथ मारपीट व दुकान में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में बुधवार को सैलाना बंद रहा। सैलाना व्यापारी महासंघ के आह्वान पर व्यापारियों ने सुबह से अपनी दुकानें और निजी प्रतिष्ठान बंद रखे। इससे बाजारों में सन्नाटे जैसी स्थिति रही। व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए रैली निकाली और पुलिस को ज्ञापन सौंपा। वहीं, पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि सैलाना के सदर बाजार में जूते-चप्पल की दुकान चलाने वाले ताहेर बोहरा की दुकान पर 19 अक्टूबर 2026 को दाम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि शाम को युवक अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और दुकानदार व उसके परिजनों के साथ लाठियों से मारपीट करने के साथ दुकान में तोड़फोड़ की। घटना में दुकानदार ताहेर अली, उसका भाई मुफ्फदल और चचेरा भाई बुरहान घायल हो गए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग हाथों में लकड़ियां लेकर मारपीट और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।

सुबह चप्पल खरीदने आया, शाम को साथियों के साथ पहुंचा
दुकानदार ताहेर अली ने सैलाना थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 19 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे ग्राम सांसर निवासी आरोपी विदेसिंह निनामा उसकी दुकान पर चप्पल खरीदने आया था। दाम को लेकर सहमति नहीं बनने पर वह वहां से चला गया।

पढ़ें: सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दूसरे दिन दिग्विजय सिंह के तीखे तेवर, बोले- बेशर्मों को ही फर्क पड़ेगा ताहेर अली के मुताबिक, शाम करीब छह बजे विदेसिंह दोबारा दुकान के बाहर आया और मोलभाव को लेकर चिल्लाने लगा। उसने कथित तौर पर कहा कि वह बहुत मोलभाव करता है और अपने दोस्तों कपिल व राहुल को लेकर आ रहा है। इसके करीब 20 मिनट बाद विदेसिंह निनामा, ग्राम आंबाकुड़ी निवासी राहुल निनामा, ग्राम इंद्रावल खुर्द निवासी कपिल निनामा और अन्य लोग हाथों में लकड़ियां लेकर दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। ताहेर अली के अनुसार, मारपीट में उसके हाथ, भाई मुफ्फदल के सिर और बीच-बचाव करने आए चचेरे भाई बुरहान के हाथ में चोट आई। आरोपियों ने दुकान में भी तोड़फोड़ की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गए।

रैली निकालकर थाने पहुंचे व्यापारी
घटना के विरोध में सैलाना व्यापारी महासंघ के आह्वान पर बुधवार सुबह से बाजार बंद रखा गया। सुबह करीब 10 बजे व्यापारी राजवाड़ा चौक पर एकत्रित हुए और रैली निकालते हुए थाने पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी की और एसडीएम के नाम थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने मांग की कि नामजद आरोपियों के साथ सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआत में हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया था। व्यापारियों ने मुफ्फदल के सिर में गंभीर चोट का हवाला देते हुए जानलेवा हमले की धारा जोड़ने और आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग भी की। दोपहर में कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोल दीं।

पांच आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक और लकड़ियां जब्त
थाना प्रभारी दीपक मंडलोई के अनुसार, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। बाद में प्रकरण में धारा 191(2) और 331 भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने आरोपी विदेसिंह निनामा, राहुल निनामा, कपिल निनामा, करण और अनिल डिंडोर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो बाइक और लकड़ियां जब्त की गई हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें