बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने प्रवास के दौरान केजेएस सीमेंट परिसर में क्रिकेट खेला। मैदान में उतरते ही उन्होंने पहली ही गेंद पर शानदार छक्का जड़कर वहां मौजूद लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने भी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अपना हुनर दिखाया तथा पंडित धीरेंद्र शास्त्री की गेंदों पर कई चौके और छक्के लगाए। धार्मिक कार्यक्रमों के बीच क्रिकेट का यह मुकाबला और दोनों का अनूठा अंदाज पूरे परिसर में चर्चा का प्रमुख विषय बना रहा।
खेल से पहले पुलिस अधीक्षक ने लिया आशीर्वाद
इस विशेष कार्यक्रम में खेल की शुरुआत होने से पहले पुलिस अधीक्षक सिंह ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद, दोनों ने मैदान में उतरकर बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हाथ आजमाए। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर ने अपने मैहर प्रवास के दौरान देर रात केजेएस आवासीय परिसर में नवनिर्मित 'पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री स्पोर्ट्स एरीना' का औपचारिक उद्घाटन किया। खेल परिसर के उद्घाटन के बाद दोनों हस्तियों का इस प्रकार मैदान पर उतरकर खेलना पूरे आयोजन का सबसे यादगार क्षण बन गया।
मां शारदा के दर्शन और कुल्हड़ में चाय
केजेएस सीमेंट परिसर में पहुंचने पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर का भव्य स्वागत किया गया। सीमेंट कंपनी के चेयरमैन पवन आहलुवालिया ने उनकी अगवानी की। इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
इस प्रवास के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मैहर स्थित सुप्रसिद्ध मां शारदा मंदिर भी पहुंचे। उन्होंने मां शारदा के दरबार में शीश नवाया और पूजा-अर्चना संकी। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की मंगल कामना की। मंदिर परिसर की गुफा में प्रधान पुजारी पवन महाराज और सांसद गणेश सिंह की उपस्थिति में पंडित शास्त्री ने नारियल के खोल से निर्मित अनूठे कुल्हड़ में गरमा-गरम चाय का आनंद लिया।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन संवाद कार्यक्रम के दौरान मैहर में ‘बागेश्वर बालाजी शक्ति मठ’ स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह मठ केजेएस आवासीय परिसर में बनाया जाएगा। इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह और उत्सुकता देखने को मिली।
हम मैहर आते रहेंगे’, तीन-चार माह में फिर गूंजेगी जय-जयकार
सनातन संवाद कार्यक्रम के मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि सभी के लिए खुशखबरी है, क्योंकि अब वे मैहर आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब तीन या चार महीने में मैहर में फिर जय-जयकार होगी। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल बन गया।
शक्ति की नगरी में भक्ति का गीत होगा’
अपनी घोषणा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “शक्ति की नगरी में भक्ति का गीत होगा। ऊपर मैया, नीचे लाला, हमारे पास हैं बजरंग बाला। उनके इस कथन में मैहर की मां शारदा के प्रति आस्था और भगवान बालाजी एवं हनुमान भक्ति के संगम का संदेश दिखाई दिया। प्रस्तावित शक्ति मठ को धार्मिक आस्था और भक्ति गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।