फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुना: जिला अस्पताल में पीने के पानी में मिला सांप का बच्चा, दहशत में आए मरीज और परिजन, वीडियो वायरल

Thu, 27 Aug 2026 02:12 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

गुना जिला अस्पताल में बुधवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। यहां पेयजल के लिए भरी गई पानी की बोतल के अंदर सांप का छोटा बच्चा निकलने से हड़कंप मच गया। बोतल में हरकत करता जीव देखकर मरीज के परिजन दहशत में आ गए और देखते ही देखते वार्ड में भीड़ जमा हो गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार छीरखेड़ा के रहने वाले देवेंद्र धाकड़ के परिवार का एक सदस्य जिला अस्पताल में भर्ती है। रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे उनके साथ आए अटेंडर पानी लेने के लिए अस्पताल परिसर में शिव मंदिर के पास लगे सार्वजनिक नल पर गए। वहां से उन्होंने एक प्लास्टिक की बोतल में पानी भरा और वार्ड में ले आए। जब मरीज को पानी देने के लिए बोतल खोली गई तो अंदर कुछ हिलता हुआ नजर आया। पहले परिजनों को लगा कि कोई कचरा होगा लेकिन ध्यान से देखने पर बोतल के अंदर सांप का छोटा बच्चा तैरता हुआ दिखाई दिया। यह देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर वार्ड में भर्ती अन्य मरीज और उनके अटेंडर भी मौके पर पहुंच गए।

ये भी पढ़ें: इंदौर: चौकीदार ने कार को टाउनशिप मेें घुसने से रोका तो युवक ने उसे कार से कुचलकर मार डाला

घटना के समय वार्ड में मौजूद फतेहगढ़ निवासी सुंदर सेन ने पूरे वाकये का वीडियो अपने मोबाइल में बना लिया। वीडियो में साफ तौर पर पानी से भरी बोतल के अंदर एक छोटा सांप जैसा जीव हरकत करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।मरीजों के परिजनों ने आशंका जताई है कि यह सांप का बच्चा अस्पताल की पानी की टंकी या पाइप ला इन के जरिए नल तक पहुंचा होगा हालांकि यह अभी सिर्फ आशंका ही है। असल में जीव बोतल में कैसे पहुंचा, इसकी आधिकारिक जांच होना बाकी है लेकिन इस घटना ने अस्पताल में पीने के पानी की सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में चार से पांच जगहों पर पीने के पानी के लिए नल लगे हुए हैं। कई नलों के आसपास लगातार गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी रहती है। मरीज और उनके परिजन पहले भी कई बार पेयजल में बदबू और गंदगी की शिकायत कर चुके हैं लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।

जिला अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज और उनके परिजन आते हैं, जो इसी पानी का उपयोग पीने के लिए करते हैं। ऐसे में अगर पेयजल ही असुरक्षित होगा तो मरीजों की सेहत पर और खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें