जिले के आदिवासी अंचल में आजादी के बाद पहली बार नियमित यात्री रेल सेवा शुरू हुई है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा से टांडा रोड से प्रतापनगर वडोदरा के बीच चलने वाली नियमित मेमू यात्री ट्रेन सेवा का वर्चुअल उद्घाटन किया। इसके साथ ही धार लोकसभा क्षेत्र में पहली बार रेल परिचालन शुरू हो गया।
गंधवानी क्षेत्र के टांडा रोड रेलवे स्टेशन से वडोदरा (प्रतापनगर) के लिए 12 कोच वाली मेमू ट्रेन सेवा शुरू की गई है। टांडा रोड स्टेशन पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान वंदे मातरम की प्रस्तुति हुई। रेल सेवा शुरू होने को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन के दौरान लोगों ने तालियां बजाकर खुशी जताई।
इस रेल सेवा से मध्य प्रदेश के आदिवासी अंचल की गुजरात से कनेक्टिविटी आसान होगी। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों को परिवहन और व्यापारियों को नए बाजारों तक पहुंच के अवसर मिलेंगे। क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
पढ़ें: 'मंदिर टूट गया, पर हनुमान जी टस से मस न हुए': उज्जैन में प्रशासन पस्त, संत बोले- यह चमत्कार नहीं तो क्या है?
मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच मजबूत होगी कनेक्टिविटी
टांडा रोड–वडोदरा नई रेल सेवा से मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। वडोदरा, छोटा उदयपुर, अलीराजपुर और आसपास के क्षेत्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। आवागमन सुगम होने से आदिवासी अंचल में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और विकास की नई संभावनाएं बनेंगी। टांडा रोड से प्रतापनगर के बीच मालगाड़ियां चलाने का भी प्रस्ताव है। इससे क्षेत्र की व्यापारिक क्षमता और मजबूत होने की उम्मीद है।
कई रेल परियोजनाओं को मिली गति
कार्यक्रम के दौरान जोबट–टांडा रोड नई रेल लाइन का उद्घाटन, वडोदरा–रतलाम तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, मियागाम–करजन–चोरंदा–मालसर गेज परिवर्तन और विश्वामित्री–डभोई दोहरीकरण जैसी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं के शिलान्यास भी किए गए। इसके अलावा 30,700 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया गया। टांडा रोड–वडोदरा ट्रेन सेवा और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार नई फ्रेट ट्रेनों के शुभारंभ से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और व्यापारिक क्षमता को मजबूती मिलेगी।
'रेल सेवा विकास के नए द्वार खोलेगी'
टांडा रोड पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी अंचल में विकास की नई गंगा बह रही है। रेल केवल पटरियों और ट्रेनों का विस्तार नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और समृद्धि के नए द्वार खोलने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। टांडा रोड से चली पहली मेमू ट्रेन धार लोकसभा क्षेत्र के विकास की नई यात्रा की शुरुआत है। यह रेल सेवा विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध आदिवासी अंचल की नई पहचान बनेगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
सावित्री ठाकुर ने कहा
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि आदिवासी भाई-बहनों, किसानों और पूरे आदिवासी अंचल ने जो सपना देखा था, वह आज साकार हो रहा है। टांडा से चलने वाली यह रेल मध्य प्रदेश और गुजरात को जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऐसे क्षेत्र में ट्रेन की सौगात दी है, जहां पहले आवागमन की सुविधाएं सीमित थीं। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र का विकास होगा। किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। नए उद्योग आने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मध्य प्रदेश और गुजरात की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आगे चलकर अन्य क्षेत्रों से भी बेहतर रेल संपर्क विकसित होगा।