मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम डहुआ में खेत पर बनी मवेशियों को पानी पिलाने की टंकी में गिरने से तीन साल का मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को पहले मुलताई अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल मासूम आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मासूम राज के माता-पिता खेत में काम कर रहे थे। मां खेत में खाना बना रही थी, जबकि पिता अपने काम में व्यस्त थे। इस दौरान राज पास में ही खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पानी की टंकी के पास पहुंचा और संतुलन बिगड़ने से उसमें गिर गया।
ये भी पढ़ें- छठ पर बुझ गया चिराग: पटना एक्सप्रेस में चार वर्षीय मासूम की मौत, जीआरपी ने गांव भिजवाया शव
कुछ देर तक बच्चे की आवाज नहीं सुनाई देने पर मां ने उसकी तलाश शुरू की। टंकी के पास पहुंचने पर राज पानी में डूबता मिला। मां ने तत्काल टंकी में उतरकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे मुलताई अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बैतूल अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को आईसीयू में भर्ती किया है। चिकित्सकों के अनुसार, पानी फेफड़ों में भर जाने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, खेत में बनी पानी की टंकी खुली रहती है, जिससे छोटे बच्चों के लिए खतरा बना रहता है। इस हादसे ने एक बार फिर खुले जलस्रोतों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर किया है।