सुरेश कुमार खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर डीजल और पेट्रोल की न्यूनतम खपत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लगातार तीसरे सप्ताह गैर पेट्रोलियम ईंधन संचालित वाहन का उपयोग किया। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से विधानसभा स्थित कार्यालय ई-रिक्शा से पहुंचे। उन्होंने दोपहर में भोजन के लिए आवास आने-जाने में भी ई-रिक्शा का ही प्रयोग किया। मंत्री ने कहा कि सप्ताह में एक दिन पेट्रोलियम ईंधन रहित साधन से कार्यालय आने-जाने का उनका निर्णय केवल व्यक्तिगत पहल नहीं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का संदेश है। उन्होंने लोगों से भी पर्यावरण संरक्षण के लिए वैकल्पिक ऊर्जा साधनों को अपनाने की अपील की।