फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video : रायबरेली...खनन के गड्ढे में मिट्टी धंसने से दो श्रमिकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

रायबरेली में कस्बे के ईदगाह के पास खनन कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खनन के दौरान खोदे गए गड्ढे में अचानक मिट्टी धंसने से दबकर दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार को सुबह कस्बे के वार्ड नंबर तीन, मोहल्ला पुरानी कोठी निवासी श्रमिक ब्रजेश कुमार कोरी , इरफान, ब्रजलाल और रोहित ईदगाह के पास एक व्यक्ति की निजी जमीन पर फावड़े से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर रहे थे। बताया जा रहा है कि उक्त जमीन पर पिछले करीब एक माह से जेसीबी मशीन द्वारा लगातार खनन कार्य चल रहा था, जिससे वहां गहरा गड्ढा हो गया था। बुधवार को जब चारों श्रमिक गड्ढे के अंदर काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। देखते ही देखते चारों श्रमिक मिट्टी के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास में ही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिट्टी भर रहे श्रमिक शोर सुनकर दौड़े और किसी तरह मिट्टी हटाकर चारों को बाहर निकाला। सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद पहुंचाया गया। सीएचसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ आशीष कुमार ने जांच के बाद ब्रजेश कुमार कोरी (22) वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत गंभीर होने पर ब्रजलाल और इरफान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान ब्रजलाल 60 वर्ष ने भी दम तोड़ दिया। इरफान की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है, जबकि रोहित का उपचार सीएचसी में जारी है। थानाध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद अवैध और असुरक्षित खनन कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे खनन कार्यों पर सख्ती से रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें