मोहानलालगंज के मऊ गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शाम लगभग साढे पांच बजे चरवाहे बाग की ओर गए तो उन्होंने करीब 35 वर्षीय युवक का शव देखा। इसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक को कहीं और से लाकर बाग में हत्या कर फेंका गया है। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस की इस कथित सुस्ती को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। काफी देर बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां इंस्पेक्टर और एसीपी ने मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।