लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में चिलौली अंडरपास के पास किसान पथ पर शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। नगर निगम का कूड़ा लेकर जा रहा तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में हाइड्रा और अन्य मशीनों की मदद से केबिन को काटकर चालक गणेश (40), निवासी बरावन कला, दुबग्गा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि घायल चालक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के कारण किसान पथ पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।