लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र के घैला पुल स्थित गोमती नदी में शनिवार दोपहर नहाने के दौरान डूबे 12 वर्षीय सैफ का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका। रविवार को भी एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीम ने सुबह से देर तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। दुबग्गा निवासी सैफ शनिवार दोपहर करीब दो बजे अपने 12 वर्षीय दोस्त नैतिक के साथ घैला पुल पर गोमती नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी नैतिक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। रविवार सुबह से इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा, घैला चौकी प्रभारी राजदीप चौधरी समेत पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर सोनू ने लगातार सर्च अभियान चलाया। चौकी प्रभारी राजदीप चौधरी ने बताया कि जिस स्थान पर सैफ डूबा था, वहां से करीब पांच किलोमीटर तक गोमती नदी में उसकी तलाश की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। अभियान लगातार जारी है। एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने भी मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वही सैफ के परिजनों ने आईआईएम रोड पर जाम लगाने का।प्रयास किया। मड़ियांव पुलिस ने परिजनों को फटकार लगाकर सड़क से हटा दिया। सैफ के पिता वसीम राजगीर मिस्त्री हैं, जबकि मां रानी गृहिणी हैं। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। सैफ सबसे छोटा था। बेटे की तलाश में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जब तक किशोर का पता नहीं चल जाता, तब तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहेगा।