लखनऊ के निशातगंज स्थित शिक्षा निदेशालय परिसर में शुक्रवार को शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग सभी कर्मचारियों के लिए निशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की रही। इसके अलावा उपार्जित अवकाश के नगदीकरण, प्रबंध समिति में भागीदारी और अन्य लंबित मांगों को भी जल्द पूरा करने की मांग उठाई गई। धरने में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से शासन और विभाग के समक्ष लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। महासंघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षणेत्तर कर्मचारी शामिल हुए।