राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में किसान पथ अंडरपास के पास शुक्रवार तड़के डीजल चोरी का विरोध करना ट्रक चालक को भारी पड़ गया। कार सवार तीन अज्ञात बदमाश ट्रक से डीजल चोरी कर रहे थे। भनक लगने पर चालक की नींद खुली और उसने विरोध किया तो आरोप है कि बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचा सटाकर जेब में रखे 15 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। महोबा से गिट्टी लदा ट्रक दुबग्गा जा रहा थे। शुक्रवार तड़के खुशहाल गंज के पास किसान पथ अंडरपास के नजदीक नींद आने पर चालक ने ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर दिया और केबिन में सो गया। इसी दौरान परिचालक मयंक लघुशंका के लिए चला गया। आरोप है कि तभी कार सवार तीन बदमाश ट्रक के डीजल टैंक से डीजल निकालने लगे। बदमाशों ने करीब 200 लीटर डीजल डिब्बों और गैलनों में निकाल लिया। इसी बीच आहट होने पर चालक की नींद खुल गई। उसने डीजल चोरी का विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एक बदमाश ने चालक की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और उसकी जेब में रखे 15 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद तीनों आरोपी कार से मौके से फरार हो गए। घटना से चालक और परिचालक सहम गए। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया घटना की जानकारी पर मामले की जांच कराई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर अज्ञात बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।