फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ में 115 छात्र जान जोखिम में डाल जर्जर अतिरिक्त कक्ष में कर रहे पढ़ाई

लखनऊ के माल विकासखंड की ग्राम पंचायत थरी स्थित बेसिक विद्यालय के उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) खंड में पिछले एक वर्ष से कोई भी शिक्षक तैनात नहीं है। आठ साल से भवन भी नहीं है। जाड़े और गर्मी में छात्र खुले मैदान में बैठते हैं। बारिश में स्कूल में नामांकित 115 छात्र जान जोखिम में डाल कर जर्जर अतिरिक्त कक्ष में बैठ रहे हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने इसे बच्चों के शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन बताते हुए विभाग से तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति करने और विद्यालय भवन बनाये जाने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में इस शैक्षिक सत्र में कक्षा 6 से 8 तक लगभग 115 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन उनके लिए एक भी शिक्षक उपलब्ध नहीं है। प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज अर्चना मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक स्कूल में दो अध्यापक और तीन शिक्षा मित्र दोनों विद्यालयों के छात्रों की देखभाल और पढ़ाई करा रहे हैं। लगभग एक साल पूर्व प्रधानाध्यापक नसीम आरा के रिटायर होने के बाद से किसी अध्यापक की नियुक्ति नहीं की गई। विषयवार शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब आठ वर्ष पूर्व जर्जर भवन गिराए जाने के बाद से विद्यालय का स्थायी भवन नहीं बन सका है। एक जर्जर अतिरिक्त का छज्जा टूट चुका है।परिसर में मौजूद रसोईघर भी जर्जर हालत में हैं। बारिश के दौरान रसोईघर की छत टपकने से वहां कार्यरत रसोइयों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारी कई बार विद्यालय का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्याओं के समाधान के लिए कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया । खंड शिक्षा अधिकारी वंशी धर श्रीवास्तव से शुक्रवार को मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नही उठा। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी से चार बार फोन पर बात करने का प्रयास किया गया।घण्टी बजती रही।लेकिन फोन नहीं उठा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें