लखनऊ में भाजपा ने जियामऊ स्थित 5500 वर्गमीटर का एक भूखंड एलडीए की ई नीलामी में 45 करोड़ रुपये में खरीदा है। चर्चा है कि भाजपा यहां भव्य प्रदेश मुख्यालय बनाएगी। खास ये है कि भाजपा के ही एक संगठन के पास यह जमीन लीज पर थी जिसे दो महीने पहले ही उसने अचानक नगर निगम को वापस कर दिया गया। इसके तुरंत बाद एलडीए ने नियोजित विकास के नाम पर 29 करोड़ रुपये में यह जमीन नगर निगम से ले ली थी। करीब एक महीने पहले एलडीए ने कई जमीन और प्लॉटों को बेचने के लिए ई नीलामी के लिए सूचीबद्ध किया। इसमें जियामऊ की जमीन भी शामिल थी। भाजपा ने बुधवार को 5500 वर्गमीटर के इस भूखंड को 45 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीद लिया। इस सौदे से एलडीए को करीब 16 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। नीलामी में भाजपा के अलावा कई बड़े बिल्डर समूह भी शामिल थे। हालांकि, भाजपा ने सबसे अधिक बोली लगाई।